” लखनऊ में राधास्वामी सत्संग की भव्य तैयारी: जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त ने संभाली कमान”
लखनऊ, 10 अप्रैल 2025: जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने आज मोहनलालगंज स्थित राधास्वामी सत्संग व्यास कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। यह निरीक्षण 12 और 13 अप्रैल 2025 को प्रस्तावित दो दिवसीय सत्संग कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित विभागों को कड़े निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी विशाख जी ने आयोजन स्थल पर पार्किंग, पंडाल, साफ-सफाई, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए सुदृढ़ निकासी योजना तैयार करने पर जोर दिया। साथ ही, स्ट्रक्चरल, इलेक्ट्रिकल और फायर सेफ्टी ऑडिट के लिए कार्यकारी अभियंता (पीडब्ल्यूडी) और मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पंचायत मोहनलालगंज के अधिशासी अधिकारी को रेलवे स्टेशन और सत्संग स्थल के आसपास पेयजल और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया। इसके लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती पर भी बल दिया गया। चारबाग स्टेशन और पार्किंग क्षेत्रों में भी पेयजल व शौचालय सुविधा के लिए नगर निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई।
यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए डीसीपी ट्रैफिक को आयोजकों और वॉलंटियर्स के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से पीजीआई आने-जाने वाले मरीजों के आवागमन में किसी तरह की बाधा न हो, यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बेहतर तालमेल के लिए उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज को प्रशासन, पुलिस और आयोजकों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का निर्देश दिया गया।
श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को सीएससी मोहनलालगंज और पीजीआई से समन्वय कर चिकित्सा सुविधाएं तैयार करने को कहा गया। साथ ही, खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने मोहनलालगंज के हुलासखेड़ा गांव का दौरा किया, जहां बेमौसम बारिश से गेहूं की फसल को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज को राजस्व टीम गठित कर फसल नुकसान का सर्वे करने और प्रभावित किसानों की रिपोर्ट तैयार करने का आदेश दिया। इसके साथ ही, जनपद की सभी तहसीलों में सर्वे के लिए एडीएम (एफआर) को निर्देशित किया गया।
इस संयुक्त निरीक्षण से साफ है कि प्रशासन और पुलिस सत्संग कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
और अधिक खबरें पढ़ने के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट भारत खबर परhttps://bharatkhabar.co/




Users Today : 10
Users Yesterday : 32