किसानों की तबाही पर योगी का एक्शन, फसल नुकसान की जांच के लिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश में बीते बुधवार रात और गुरुवार सुबह हुई बेमौसम बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। लखनऊ सहित राज्य के कई हिस्सों में गेहूं, चना और अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस आपदा को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल सर्वे कर फसल नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, प्रभावित किसानों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा वितरित करने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला मजिस्ट्रेट (डीएम), उप-जिला मजिस्ट्रेट (एसडीएम) और तहसीलदारों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन करने और सर्वे रिपोर्ट शीघ्र सरकार को भेजने का आदेश दिया। योगी ने स्पष्ट किया कि मुआवजा प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसके अलावा, जलजमाव की स्थिति को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और गेहूं की सुरक्षित भंडारण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि मंडियों और खरीद केंद्रों पर फसल को और नुकसान न हो।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा, “योगी सरकार प्रभावित किसानों के साथ खड़ी है। जिन किसानों की फसल को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा प्रदान किया जाएगा।” लखनऊ के सरोजनी नगर के किसान राजवीर सिंह ने बताया, “हमारी गेहूं की फसल खेतों में कटाई के बाद पड़ी थी, लेकिन बारिश ने उसे भीगो दिया। इससे अनाज की गुणवत्ता खराब हो जाएगी।” इसी तरह, मितौली तहसील के अलियापुर और महुआधब गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ। वहां किसान सुधा देवी को 0.390 हेक्टेयर फसल नुकसान के लिए 11,700 रुपये और ब्रजराज सिंह को 0.150 हेक्टेयर के लिए 4,500 रुपये का मुआवजा तुरंत प्रदान किया गया।
मौसम विभाग ने अगले 24-48 घंटों तक बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे रिपोर्ट को जल्द से जल्द विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इस बीच, किसानों ने सरकार से त्वरित और पर्याप्त मुआवजा देने की मांग की है, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संबल मिल सके।
ऐसी तमाम अपडेट्स के लिए विजिट करें हमारी वेबसाइट भारत खबर पर-https://bharatkhabar.co/




Users Today : 10
Users Yesterday : 32